श्रीडूंगरगढ़ टुडे 29 जुलाई 2026
कुटुम्ब वनम् ग्रुप एवं भारतीय किसान संघ बीकानेर जिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को पर्यावरण जन चेतना यात्रा के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पूनरासर में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य की उपस्थिति में विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं पर्यावरण प्रेमियों को फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया।
अभियान के दौरान विद्यालय परिसर के साथ-साथ मंदिर, श्मशान भूमि, गौशाला तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों के लिए भी पौधे वितरित किए गए। आयोजकों ने बताया कि पूनरासर गांव में इस अभियान के अंतर्गत लगभग 5000 पौधों का वितरण किया गया है।
अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित राजस्थान के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना है।
कार्यक्रम में गांव के युवाओं, किसानों, महिलाओं, स्कूली बच्चों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि “एक पौधा केवल पेड़ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है।”




