श्रीडूंगरगढ टुडे 29 जुलाई 2026
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गांव कल्याणसर नया स्थित श्री जसनाथजी पीड़ाग्रस्त गौशाला को बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गोमाताओं की सेवा के लिए अत्याधुनिक हाइड्रोलिक एंबुलेंस भेंट की गई है
यह सेवा रथ मुंबई के श्रीआदि जिन युवक चैरिटेबल ट्रस्ट की प्रेरणा से मातोश्री मेघबाई धारसी भेदा परिवार तथा माहेश्वरी एनिमल वेलफेयर फाउंडेशन, मुंबई के सहयोग से उपलब्ध कराया गया है।

बुधवार को गौशाला परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ एंबुलेंस का विधिवत पूजन किया गया। पूजन कार्यक्रम में लालाराम पंडित, मालाराम, ओमप्रकाश पंडित, नत्थूराम, नानकराम, रामलाल, सीताराम, रामरख, राजूराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पूजा-अर्चना के बाद एंबुलेंस को गो-सेवा के लिए रवाना किया गया।
गौशाला प्रबंधन ने बताया कि यह पूर्णतः आधुनिक हाइड्रोलिक प्रणाली से युक्त एंबुलेंस है, जिसकी सहायता से दुर्घटनाग्रस्त, बीमार अथवा चलने-फिरने में असमर्थ गोमाताओं को बिना अतिरिक्त पीड़ा दिए आसानी से वाहन में चढ़ाया एवं उतारा जा सकेगा। इससे घायल एवं बीमार पशुओं को समय पर उपचार मिल सकेगा

गौशाला समिति एवं ग्रामीणों ने इस गो-सेवा के कार्य के लिए इस संकट मोचक उपहार के मुंबई के दोनों दानदाता संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस एंबुलेंस से क्षेत्र की गोसेवा को नई गति मिलेगी।
प्रबंधन ने दानदाताओं के प्रति कृतज्ञता जताते हुए यह आशा और मंगलकामना व्यक्त की कि बेजुबान और बीमार गोमाताओं की सेवा के लिए इन गो-भक्त संस्थानों का ऐसा ही अमूल्य सहयोग भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।





