श्रीडूंगरगढ टुडे 5 अगस्त 2026
श्रीडूंगरगढ़ उपखंड स्तर पर आज ट्रॉमा सेंटर को लेकर बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। भले ही प्रशासन द्वारा इसकी स्वीकृति रद्द कर दी गई, लेकिन आयोजकों द्वारा कार्यक्रम में किसी भी तरह से कोई फिर बदलाव नहीं किया गया और उन्होंने आमजन से भी अपील कि है वो समय पर पहुंचे और बड़े प्रदर्शन में शामिल हो। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं के बाद इलाज के अभाव में हो रही मौत के कारण अब राजनीतिक दलों के साथ-साथ सामाजिक संगठन व आमजन भी शामिल हो गया है और ट्रॉमा सेंटर बनाने की मांग अब जोर पकडऩे लगी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा भी ट्रॉमा सेंटर बनाने की घोषणा की गई थी और विधायक सारस्वत बार-बार ट्रॉमा सेंटर बनाने की बात करते हैं, लेकिन आज तक धरातल पर कुछ भी नहीं होने से आक्रोश बढ़ता जा रहा है और आज उपखंड स्तर पर बड़ा प्रदर्शन देखने को मिलेगा जिसको लेकर लोगों का पहुंचना जारी है। गर्मी व बारिश के मौसम को देखते हुए बड़ा टैंट लगाया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। धीरे-धीरे लोगों के पहुंचने का क्रम जारी है। यहां बड़ा प्रदर्शन करने के बाद उपखंड अधिकारी को ज्ञापन दिया जाएगा।

लाइव अपडेट्स
दूसरे दौर की वार्ता भी विफल, प्रदर्शनकारियों में रोष, जारी है प्रदर्शन
श्रीडूंगरगढ़ ट्रोमा सेंटर निर्माण शुरू करने और हाइवे को श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर फोरलेन बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों व प्रशासन में दूसरे दौर की वार्ता भी विफल हो गई। प्रदर्शनकारियों में रोष फैल गया है। वार्ता में सीओ निकेत पारीक, तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा, ब्लॉक सीएमएचओ डॉ राजीव सोनी, उपजिला अस्पताल प्रभारी ओमप्रकाश स्वामी, एनएचए के अधिकारी शामिल हुए है। वार्ता में डॉ सोनी ने कहा कि ट्रोमा के लिए बजट और जमीन सीएम ने देने की घोषणा की है, तो जिस दिन सीएम बजट व जमीन देंगे तब तुरंत निर्माण शुरू करवा देने की बात कही। डॉ सोनी ने कहा कि 2023 की घोषणा मान्य नहीं और पिछले दानदाता से एमओयू नहीं होगा। इस पर प्रदर्शनकारियों रोष जताया और नारेबाजी की। युवा नेता हरिराम बाना ने कहा कि सड़क पर जो लोग मर रहें है उनको अब मरने नहीं दिया जाएगा। विधायक जो झूठ फैला रहें है उसका स्पष्टीकरण दिया जाए। इस पर वार्ता विफल हो गई।
पहले दौर की वार्ता रही विफल
श्रीडूंगरगढ़ धरनार्थियों से प्रशासन की पहले दौर की वार्ता रही विफल
तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा थाना अधिकारी कश्यप सिंह पहुंचे थे वार्ता करने
महापड़ाव में मौजूद लोगों ने सक्षम अधिकारियों को बुलाने की रखी मांग
कांग्रेस नेता हरीराम बाना ने कहा- हमें यहां मजबूती के साथ बैठे रहना है
बाना ने कहा- सक्षम अधिकारी से ही करेंगे वार्ता
बाना ने कहा कि जब तक जब तक वार्ता नहीं होगी सफल तब तक यहां से नहीं हिलेंगे

भामाशाह कल भी तैयार था आज भी तैयार हूं की घोषणा लाइव सुनकर प्रदर्शनकारियों में उमड़ा जोश, गूंजे नारे
धरनास्थल पर ट्रोमा सेंटर के निर्माण को लेकर भामाशाह पवन चांडक लाइव जुड़े और उन्होंने ट्रोमा निर्माण का एमओयू साइन करवाने के 24 घंटे में निर्माण शुरू करवाने की घोषणा की। इस पर धरना स्थल पर उमडी़ भीड़ में जबरदस्त उत्साह व जोश देखने को मिला। लोगों ने जमकर नारे लगाए। प्रदर्शन स्थल पर युवा नेता हरिराम बाना पूरी तैयारी के साथ आए। ये तैयारी भी चर्चा का विषय बन गई है। प्रशासन से वार्ता विफल होने के बाद बाना ने धरनास्थल पर लगी बड़ी एलईडी स्क्रीन पर विधायक ताराचंद सारस्वत की वीडियो रिकॉर्डिंग चलाई। जिसमें उन्होंने ट्रोमा सेंटर बनवाने का दावा किया व भामाशाह पर आरोप लगाए। इस वीडियो के बाद बाना ने भामाशाह पवन चांडक को कलकत्ता से वीडियो कॉल पर जोड़ा।
भामाशाह ने ट्रोमा निर्माण के लिए अपने प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि वे कल भी तैयार थे आज भी तैयार है। चांडक ने कहा कि जयपुर से आदेश जारी करवाया परंतु बीकानेर स्तर पर निर्माण को रोका गया है। वहीं एमओयू जानबूझकर लटकाया जा रहा है, एमओयू साइन नहीं करवाया जा रहा है। चांडक ने स्पष्ट किया कि वे राजनीतिक व्यक्ति नहीं है और अपनी माँ की इच्छा के चलते गांव में जनहितार्थ कार्य करवाने की मंशा रखते है। पांडाल में लाशों पर राजनीति बंद करने की आवाज बुलंद हुई। बाना ने भामाशाह से कहा कि वे 56 करोड़ लगाने को तैयार है या नहीं, इस पर भामाशाह ने कहा कि एमओयू हस्ताक्षर होने के 24 घंटे में निर्माण शुरू करवाएंगे और अतिशीघ्र इसे पूरा करके दिखा देंगे। धरनार्थियों ने एमओयू साइन करवाने के नारे लगाए।
व्रज वाहन तैनात, हाइवे किनारे पुलिस जवान तैनात, वार्ता करने आंदोलन स्थल पर आए अधिकारी
श्रीडूंगरगढ़ उपखंड मुख्यालय के निकट ट्रोमा सेंटर निर्माण व फोरलेन की मांग को लेकर प्रदर्शन के आह्वान पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिए है।
प्रशासन ने एक दर्जन से अधिक राजस्व कार्मिकों की तैनाती की है। एसएचओ शेरूणा इमीचंद व कालू एसएचओ भी पुलिस बल के साथ मौजूद है। प्रदर्शन के निकट व्रज वाहन तैनात कर दिए गए है व हाइवे किनारे पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन ने वार्ता के लिए प्रतिनिधि मंडल को बुलाया परंतु प्रदर्शनकारियों की ओर से युवा नेता हरिराम बाना ने जनता के बीच ही वार्ता किए जाने की घोषणा की, इस पर तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा और सीआई कश्यपसिंह वार्ता के लिए धरनार्थियों के बीच पहुंचे है। वहीं वार्ता की जा रही है। अधिकारियों ने शांति बनाए रखने एंव मांगे उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही। लेकिन धरनार्थियों ने ट्रॉमा निर्माण शुरू करवाने से कम कोई बात स्वीकार नही की एंव सक्षम अधिकारियों को मौके पर बुलाने को मांग की। इस पर पहली वार्ता विफल रही।

वार्ता के लिए पहुंचा प्रशासन
श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर व फोन लेन सड़क की मांग को लेकर आज कांग्रेस नेता हरीराम बाना के आह्वान पर किए जा रहे महापड़ाव में आखिरकार प्रशासन के अधिकारी वार्ता के लिए धरना स्थल पर पहुंचे हैं। जिनसे महापड़ाव में शामिल मौजिज लोगों के साथ वार्ता हुई थी
श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा क्यों जरूरी, सेवा समिति के अध्यक्ष जतनसिंह ने बताया
ट्रोमा सेंटर निर्माण शुरू करने व श्रीडूंगरगढ़ बीकानेर फोरलेन करने की मांग को लेकर क्षेत्रवासी विशाल प्रदर्शन में उमड़ आए है। युवा नेता व समाजसेवी हरिराम बाना के आह्वान पर गांव गांव से युवा ट्रोमा की मांग को मजबूत करने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे है। प्रदर्शन में विभिन्न विचार धाराओं, पार्टियों, समुदायों के लोग एकजुट होकर ट्रोमा की आवाज को बुलंद कर रहें है। बाना ने मंच से ट्रोमा निर्माण के लिए प्रतिबद्धता का संकल्प करने को कहा तो पांडाल में हजारों हाथ एकसाथ उठे और प्रदर्शनकारियों ने सहमति जताई।
बताया जा रहा है कि यहां पांच हजार लोगों के लिए लगाया गया पांडाल छोटा पड़ गया और मौके पर ही टेंट को बढ़ाया जा रहा है। आपणों गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित ने कहा कि सेवादार गोल्डन ऑवर के दौरान घायलों की जान बचाने के लिए जान लगा देते है। परंतु वे घोर निराश होते है जब घायल उनके हाथों में दम तोड़ देते है। उन्होंने सरकार से 10 लाख की सोनोग्राफी मशीन तक नहीं दिए जाने का आरोप भी लगाया। आंदोलन के मंच पर मुखराम गोदारा, विमल भाटी, सुनील मलिक सहित अनेक वक्ताओं ने ट्रोमा के आह्वान को मंच से मजबूत किया। वक्ताओं द्वारा मंच से ट्रोमा की पीड़ा बताई जा रही है। यहां पीडि़त परिवारों के लोग भी प्रदर्शन में शामिल हुए है। किसान नेता तोलाराम जाखड़, नारायण पारीक, कांग्रेस से विमल भाटी, सन्तोष गोदारा, रमेश प्रजापत, माकपा से अशोक शर्मा, मुखराम गोदारा, सुनील मलिक, सामाजिक कार्यकर्ता श्याम सुंदर आर्य, जतन लाल राजपुरोहित, आमीर खान, कई सरपंच, बुजुर्ग सहित हजारों की संख्या में युवा पहुंचे है।
15 अगस्त को सीएम को तिरंगा नहीं फहराने देंगे- विवेक माचरा
श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर व फोर लेन सड़क की मांग को लेकर आज राजनीतिक पार्टियों, सामाजिक संगठनों व क्षेत्रवासियों द्वारा महापड़ाव किया जा रहा है। कांग्रेस नेता हरीराम बाना के नेतृत्व में यह महापड़ाव किया जा रहा है, जिसमें आरपीएल नेता विवेक माचरा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर की लंबे समय से मांग की जा रही है, जिसके लिए हमारे द्वारा लगातार समय-समय पर इस मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया, नेताओं से मुलाकात करते हुए उन्हें ज्ञापन दिया गया, सड़कों पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन किया, लेकिन आज दिनांक यहां का ट्रॉमा सेंटर राजनीति के भेंट चढ़े हुआ है। विवेक माचरा ने कहा कि पूर्व विधायक गिरधारी महिया ने यहां ट्रॉमा सेंटर स्वीकृत करवाया, जो बधाई के मात्र है, लेकिन राजनीति के चलते अब तक ट्रॉमा सेंटर नहीं बना यह आमजन के लिए दुर्भाग्य की बात है, क्योंकि सड़क हादसे में आम-आदमी की जाने जा रही है। विवेक माचरा ने चेतावनी देते हुआ कि यहां के विधायक व सीएम सुन लें कि 15 अगस्त को बीकानेर तिरंगा नहीं फहराने दिया जाएगा, चाहे इसके लिए कुछ भी करना पड़े।



