श्रीडूंगरगढ टुडे 6 अगस्त 2026
क्षेत्र के समंदसर गांव की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में विधायक सारस्वत के लगातार प्रयासों से बड़ी सफलता मिली है। गांव में 33/11 केवी जीएसएस पर लगे दो 3.15 एमवीए पावर ट्रांसफार्मरों को बदलकर दो 5 एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके लिए जोधपुर डिस्कॉम ने प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है।
विधायक ताराचंद सारस्वत ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे बिजली भार और कृषि कनेक्शनों को देखते हुए ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में ऊर्जा विभाग और जोधपुर डिस्कॉम के अधिकारियों के समक्ष लगातार पैरवी की गई, जिसके बाद स्वीकृति मिली।
उन्होंने बताया कि दो नए 5 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर स्थापित होने से समंदसर गांव सहित आसपास के कृषि क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पहले की अपेक्षा अधिक सुदृढ़, विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण होगी। इससे ओवरलोडिंग की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी, वोल्टेज में सुधार होगा तथा किसानों को सिंचाई के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी। साथ ही घरेलू एवं व्यावसायिक उपभोक्ताओं को भी बेहतर बिजली सेवा का लाभ प्राप्त होगा।
विधायक ने उम्मीद जताई कि प्रशासनिक स्वीकृति के बाद विभाग जल्द ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू करेगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को शीघ्र राहत मिलेगी। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और जोधपुर डिस्कॉम के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को निरंतर गति दे रही है। उन्होंने कहा कि समंदसर जीएसएस का यह उन्नयन क्षेत्र की वर्तमान आवश्यकताओं के साथ-साथ भविष्य की बढ़ती विद्युत मांग को भी पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस स्वीकृति की सूचना मिलते ही समंदसर एवं आसपास के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने विधायक ताराचंद सारस्वत के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया तथा इसे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।



