श्रीडूंगर गढ़ टुडे 7 अगस्त 2026
श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर के निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नगर को ज्ञापन सौंपा। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी माइनॉरिटी विभाग के राष्ट्रीय सचिव एवं कांग्रेस नेता सलीम भाटी तथा कांग्रेस नेता नित्यानंद पारीक की अगुवाई में दिए गए ज्ञापन में आवंटित भूमि पर जल्द से जल्द ट्रॉमा सेंटर का निर्माण शुरू करने की मांग की गई।
सलीम भाटी ने कहा कि बीकानेर-जयपुर हाईवे पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण कई बार गंभीर परिणाम सामने आते हैं। ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर वर्षों से प्रयास किए जा रहे हैं और क्षेत्र के भामाशाह भी ट्रॉमा सेंटर के निर्माण में सहयोग के लिए आगे आने को तैयार हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती राज्य सरकार के समय श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ी थी। दोनों समाजों के गणमान्य लोगों की सहमति के बाद भूमि चिकित्सा विभाग को आवंटित किए जाने का पत्राचार हुआ और पट्टा भी जारी किया गया था। इसके बावजूद अब तक ट्रॉमा सेंटर का निर्माण शुरू नहीं हो सका है।
कांग्रेस नेता नित्यानंद पारीक ने आरोप लगाया कि सरकार बदलने के बाद ट्रॉमा सेंटर के लिए स्थान परिवर्तन की कवायद की जा रही है, जिससे निर्माण कार्य में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि ट्रॉमा सेंटर जैसे जनहित के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। क्षेत्र के भामाशाह इसके निर्माण का खर्च उठाने के लिए तैयार हैं, ऐसे में सरकार को जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पहले से आवंटित भूमि पर ही निर्माण कार्य शुरू करना चाहिए।
ज्ञापन में मांग की गई कि श्रीडूंगरगढ़ की जनभावना और हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए आवंटित भूमि पर अविलंब ट्रॉमा सेंटर के निर्माण का शिलान्यास किया जाए और इसे शीघ्र शुरू कर क्षेत्रवासियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान सेवादल के राजेश दाधीच, कांग्रेस नेता दलीप सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




