श्रीडूंगरगढ टुडे 8 अगस्त 2026
मेरा युवा भारत केंद्र बीकानेर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जिला स्तरीय “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” राष्ट्रीय अभियान के तहत पीएम श्री राजकीय सादुल उच्च माध्यमिक विद्यालय, बीकानेर में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभागियों के बीच आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया गया।
इस दौरान चित्रकला, कविता, भाषण, नृत्य, फैंसी ड्रेस, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी रामगोपाल शर्मा, विशिष्ट अतिथि कोटगेट थाना अधिकारी प्यारे सिंह रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुशीला जयपाल ने की। इस अवसर पर जनक्रांति फाउंडेशन के अध्यक्ष कुलदीप कड़ेला एवं एडवोकेट जगदीश रेन भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रामगोपाल शर्मा ने कहा कि संसार में दो तरह के लोग होते हैं—अच्छे और बुरे। यह सिलसिला आदिकाल से चला आ रहा है। हमें यह तय करना है कि हमें किस प्रकार के लोगों की संगत में रहना है और गलत दिशा में जा रहे लोगों में किस प्रकार सुधार किया जा सकता है।
कोटगेट थाना प्रभारी प्यारे सिंह ने कहा कि पूरे जिले में नशे के खिलाफ बहुत बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। हम नशे को जड़ से खत्म करना चाहते हैं और इसमें युवाओं की बहुत बड़ी भागीदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुशीला जयपाल ने कहा कि युवाओं की राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका है। युवा देश का भविष्य हैं, अतः उन्हें नशे से दूर रहना चाहिए, ताकि देश मजबूत बन सके और निरंतर तरक्की कर सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। केंद्र के लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक छोटूराम पूनिया ने उपस्थित सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मेरा युवा भारत केंद्र बीकानेर के रविंद्र पंडित की अहम भूमिका रही।











