श्रीडूंगरगढ टुडे 10 अगस्त 2026
अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के सत्र 2026-29 के लिए रविवार को संपन्न हुए चुनाव में जाने-माने समाजसेवी ओमप्रकाश राठी को लगातार पांचवीं बार महासभा का कार्यसमिति सदस्य निर्वाचित किया गया है। महासभा में पूर्वोत्तर प्रदेश से एक पद के लिए हुए इस चुनाव में राठी ने शानदार जीत दर्ज की।
एकतरफा रहा मुकाबला
पूर्वोत्तर क्षेत्र से कार्यसमिति सदस्य पद के लिए हुए मतदान में कुल 25 में से 19 मत ओमप्रकाश राठी के पक्ष में पड़े। उनके प्रतिद्वंद्वी देरगांव के बसंत कांकाणी को केवल 5 मत प्राप्त हुए, जबकि एक मतदाता अनुपस्थित रहा। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
समाज सेवा के प्रति जताई प्रतिबद्धता
जीत के बाद ओमप्रकाश राठी ने माहेश्वरी समाज के उत्थान, सशक्तिकरण और विभिन्न जनसेवा कार्यों के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने समाज बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
श्रीडूंगरगढ़ और पूर्वोत्तर में हर्ष का माहौल
मूलतः श्रीडूंगरगढ़ निवासी व वर्तमान में जोरहाट (असम) प्रवासी ओमप्रकाश राठी के महासभा के 31वें सत्र के लिए निर्वाचित होने पर श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र सहित पूर्वोत्तर में हर्ष व्याप्त है।
माहेश्वरी सभा के जिलाध्यक्ष संजय करनाणी, जिला मंत्री श्रीभगवान चांडक, श्रीडूंगरगढ़ सभा अध्यक्ष नारायण कलाणी, मंत्री भैरुंदान मोहता, महासभा के कार्यकारी मंडल सदस्य रामचन्द्र राठी, देवकिशन सोमानी व श्रीकांत झंवर सहित अनेक सदस्यों ने शुभकामनाएं दी है।
समाज बंधुओं ने विश्वास जताया है कि राठी के अनुभवों का लाभ एक बार फिर संपूर्ण माहेश्वरी समाज को मिलेगा।




