श्रीडूंगरगढ टुडे 15 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के महापर्व पर शनिवार को श्रीडूंगरगढ़ में देशभक्ति का उत्साह नजर आया। सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण के साथ ही गणेश मंदिर बिग्गा बास के शिवदयाला प्रांगण में, सनातन मुक्ति धाम में बाबा भूतनाथ का तिरंगे रंग में विशेष श्रृंगार किया गया।
श्रीडूंगरगढ़ न्यायालय परिसर में एसीजेएम अजीत सिंह राठौड़ ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में बार संघ अध्यक्ष ललित मारू, वरिष्ठ अधिवक्ता मोहनलाल सोनी, ओमप्रकाश पंवार, एपीपी सपन कुमार, अधिवक्ता नारायण जोशी, गोपाल पारीक, रामावतार प्रजापत सहित कोर्ट स्टाफ व अधिवक्ता मौजूद रहे।

कोर्ट परिसर में पौधरोपण कर दिया हरित स्वातंत्र्य का संदेश: ध्वजारोहण के बाद कोर्ट परिसर में पौधरोपण किया गया। एसीजेएम अजीत सिंह राठौड़ और बार संघ अध्यक्ष ललित कुमार ने अधिवक्ताओं के साथ पौधे लगाए। इस पहल के जरिए पर्यावरण संरक्षण के साथ भावी पीढ़ी को हरित और स्वस्थ भारत का संदेश दिया गया।
बाबा भूतनाथ को पान, मोगरे और गेंदे के फूलों से सजाया: सनातन मुक्ति धाम स्थित बाबा भूतनाथ का स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे रंग में श्रृंगार किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता अमित पारीक ने बताया कि बाबा को हरे पान व आक के पत्तों, सफेद मोगरे के पुष्प और केसरिया गेंदे के फूलों से सजाया गया। तिरंगे रंग में सजे बाबा भोलेनाथ का स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।







