श्रीडूंगरगढ टुडे 15 अगस्त 2026
श्रीडूंगरगढ़। बालिकाओं की शिक्षा, स्वावलंबन एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली बालिका स्वाध्याय निःशुल्क लाइब्रेरी, श्री डूंगरगढ़ को उत्कृष्ट सम्मान से नवाजा गया।
80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ब्लॉक स्तरीय सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह में बालिका स्वाध्याय निःशुल्क लाइब्रेरी की चेयरमैन श्रीमती मंजू देवी को महिला सशक्तिकरण एवं बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संस्था की चेयरमैन श्रीमती मंजू देवी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि लाइब्रेरी से जुड़ी सभी बेटियों, सहयोगियों, भामाशाहों एवं पूरे लाइब्रेरी परिवार का सम्मान है। उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बेटियों को बेहतर एवं सकारात्मक अध्ययन वातावरण उपलब्ध करवाकर उन्हें शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है।
बालिका स्वाध्याय निःशुल्क लाइब्रेरी द्वारा बालिकाओं को अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रेरणा एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। संस्था के इन प्रयासों से क्षेत्र की अनेक बेटियां शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित हो रही हैं।
सम्मान समारोह में मिले इस गौरवपूर्ण सम्मान से लाइब्रेरी परिवार में खुशी एवं उत्साह का माहौल है। संस्था ने इस सम्मान को बेटियों की शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सामाजिक स्वीकृति बताते हुए अपने संकल्प को और मजबूत करने वाला बताया।




