श्रीडूंगरगढ टुडे 18 अगस्त 2026
शहर के वार्ड 1 व 2, अंबेडकर कॉलोनी और कालूबास की विभिन्न समस्याओं को लेकर भीम आर्मी के पूर्व तहसील अध्यक्ष एवं युवा कार्यकर्ता संदीप भारतीय ने नगरपालिका ईओ अभिषेक गहलोत को ज्ञापन सौंपकर वार्ड की मूलभूत सुविधाओं में शीघ्र सुधार की मांग की।
ज्ञापन में मेघवाल समाज श्मशान भूमि में लंबे समय से खराब पड़ी हाई मास्ट लाइट को ठीक करवाने, वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाकर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सीवरेज कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों व गलियों की मरम्मत करवाने की मांग की गई।
इसके अलावा नायक समाज श्मशान भूमि में कंटीली झाड़ियों की सफाई, कालू रोड-कालूबास लिंक रोड पर अंबेडकर चौक से दधिमति माता मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग की खराब रोड लाइटों को दुरुस्त करवाने और सार्वजनिक शौचालय की नियमित सफाई व रखरखाव की मांग भी उठाई गई।
संदीप भारतीय ने बताया कि अधिशासी अधिकारी ने ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों से जुड़े जनहित के मुद्दों को लेकर प्रशासन से लगातार संवाद जारी रहेगा। ज्ञापन के दौरान रवि कुमार, सुनील नायक, भरत जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



