श्रीडूंगरगढ टुडे 19 अगस्त 2026
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव का कार्यक्रम घोषित हो गया है। प्रदेश के 309 शहरी निकायों में 2 फेज में 9 सितंबर और 11 सितंबर को मतदान होगा। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही प्रदेशभर के शहरी निकाय क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू हो गई है। यह चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी।
चुनाव का रिजल्ट 14 सितंबर को आएगा। 27 अगस्त को नामांकन शुरू होंगे। 3 सितंबर को नाम वापिस होंगे। 21 सितंबर को निकाय प्रमुख का और उपाध्यक्ष का चुनाव 22 सितंबर को होगा। इन चुनावों में 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगरपालिकाओं के कुल 10,245 पार्षद पदों के लिए चुनाव होंगे।
आचार संहिता लागू होने के बाद शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों की नई घोषणा नहीं की जा सकेगी। नए कामों के वर्क ऑर्डर जारी करने पर भी रोक रहेगी। हालांकि पहले से चल रहे कार्य जारी रहेंगे, लेकिन नए काम शुरू नहीं किए जा सकेंगे।
मंत्री और नेता चुनाव प्रचार के लिए सरकारी वाहनों का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। चुनाव प्रचार के दौरान मंत्री सरकारी गेस्ट हाउस में भी नहीं ठहर सकेंगे। इसके अलावा नई सरकारी घोषणाएं, उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम भी नहीं किए जा सकेंगे।
इन चुनावों में बीकानेर जिले की नगर निकायों के चुनाव प्रथम चरण में होंगे।
9 सितंबर को पहले चरण में श्रीडूंगरगढ़, नोखा, देशनोक, लूणकरणसर, नापासर नगरपालिकाओं के चुनाव होंगे। बीकानेर नगर निगम व खाजूवाला नगरपालिका का कार्यक्रम अभी जारी सूची में नहीं आया है।




