श्रीडूंगरगढ टुडे 22 अगस्त 2026
उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल अंतर्गत सूडसर रेलवे स्टेशन पर फुटओवरब्रिज (FOB) का निर्माण न होने से यात्रियों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्लेटफॉर्म नंबर एक से दो पर जाने के लिए कोई सुरक्षित माध्यम न होने के कारण रोजाना यात्री अपनी जान जोखिम में डालकर रेलवे पटरियों के बीच से गुजरने को मजबूर हैं।
पटरियां पार करने का जोखिम, हादसों का डर
सूडसर रेलवे स्टेशन से नियमित रूप से कई यात्री और एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं। ट्रेन के आगमन के समय प्लेटफॉर्म बदलने की हड़बड़ाहट में सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को होती है। समय पर दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने की जल्दबाजी में हादसों की आशंका बनी रहती है।
दक्षिण दिशा के वाशिंदों को ज्यादा परेशानी
स्टेशन के दक्षिण दिशा में स्थित बस्तियों के निवासियों के लिए फुटओवरब्रिज न होना एक बड़ी समस्या बन चुका है। स्टेशन के एक छोर से दूसरी ओर आने-जाने के लिए ग्रामीणों को पटरियों के आसपास का खतरनाक रास्ता चुनना पड़ता है।
शीघ्र निर्माण की मांग
क्षेत्रीय ग्रामीणों और दैनिक रेल यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से गुहार लगाई है कि सूडसर स्टेशन पर जल्द से जल्द फुटओवरब्रिज के निर्माण को स्वीकृति देकर कार्य शुरू कराया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।



