नगरपालिका चुनावों को लेकर कांग्रेस में टिकटों को लेकर दावेबाजी शुरू हो गई है। शनिवार शाम को श्रीडूंगरगढ़ के पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने दावा किया कि कस्बे के 31 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों के टिकट फाइनल हो चुके हैं ओर बाकी बचे 9 प्रत्याशियों के नाम रविवार को फाइनल कर दिए जाएंगे।
इस दावे की खबरें प्रकाशित होने के कुछ ही देर बाद कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने इसका खंडन कर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभी तक किसी भी व्यक्ति का टिकट फाइनल नहीं हुआ है।
सियाग ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस ने इस बार नगर निकाय चुनावों में टिकट के इच्छुक कार्यकर्ताओं को क्यूआर कोड के माध्यम से आवेदन करने को कहा है। आवेदनों की जांच जयपुर स्तर पर की जाएगी। इसके बाद इन्हें जिला स्तर पर भेजा जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी स्थानीय सर्वे के आधार पर दोबारा जांच करेगी और पर्यवेक्षक तैनात करेगी। इन्हीं पर्यवेक्षकों द्वारा मजबूत प्रत्याशियों के टिकट फाइनल किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अभी टिकट फाइनल होने का दावा गलत और भ्रामक है। पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया जारी है। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ता आवेदन कर सकते हैं। इस बार टिकट मजबूती के आधार पर ही दिए जाएंगे। विदित रहे कि इस बार टिकट वितरण का क्यूआर कोड सिस्टम कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का अभिनव प्रयोग माना जा रहा है लेकिन अभी क्यूआर कोड से आवेदन लेने के बीच मे ही श्रीडूंगरगढ़ में टिकटें फाइनल कर देने के दावों से कांग्रेस में कई चर्चाएं शुरू हो गई है।



