श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में कामकाज के बाद घर लौट रही एक महिला के साथ छेड़छाड़ और बदसलूकी का मामला सामने आया है। पीडि़ता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार महिला ने अपने पुत्र के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया कि 22 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे वह रसोई का काम समाप्त कर घर लौट रही थी। इसी दौरान बाजार के पास बाइक पर आए एक युवक ने अपना नाम कमल निवासी जालबसर बताया और उसे घर छोडऩे की बात कही।
महिला के मना करने पर आरोपी ने कथित रूप से बदनीयती से उसका हाथ पकड़ लिया तथा जान से मारने की धमकी देकर जबरन बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि युवक उसे घर ले जाने के बजाय बाइक को विभिन्न गलियों में घुमाता रहा। जब महिला ने बाइक रुकवाने का प्रयास किया तो आरोपी ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और नीचे गिरा देने की धमकी दी।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया, दुष्कर्म करने की धमकी दी, उसके कपड़े फाड़ दिए और छेड़छाड़ की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी उसे उसके घर के पास गली में छोड़कर चला गया। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी उसके पीछे आया और मोबाइल नंबर मांगने लगा। महिला द्वारा इंकार करने पर उसने जीवन खराब कर देने की धमकी दी।
पुलिस ने पीडि़ता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल सरिता को सौंपी गई है।



