श्रीडूंगरगढ टुडे 31 अगस्त 2026
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के निर्देशानुसार जैन संस्कार विधि के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रातः 11 बजे स्व. कुंदनमल छाजेड़ के सुपुत्र बिनोद छाजेड़ की मासखमण (29) तपस्या की तप संपूर्ति एवं पारणा तेरापंथ युवक परिषद्, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा जैन संस्कार विधि से विधिवत संपन्न करवाया गया।

साध्वी श्री लक्ष्यप्रभाजी एवं परिवारजनों की प्रेरणा से श्री बिनोद जी छाजेड़ ने यह कठिन तपस्या पूर्ण की। कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के मंगल उच्चारण के साथ हुआ। इसके पश्चात संस्कारक प्रदीप पुगलिया,प्रमोद बोथरा चमन श्रीमाल एवं पीयूष बोथरा ने मंगल मंत्रोच्चार के साथ जैन संस्कार विधि से पारणा संस्कार पूर्ण करवाया।

तेरापंथ युवक परिषद् श्रीडूंगरगढ़ के अध्यक्ष विक्रम मालू ने उपस्थितजनों का स्वागत करते हुए तपस्वी के प्रति हार्दिक अनुमोदना व्यक्त की। उन्होंने समाजजनों से जीवन के प्रत्येक शुभ अवसर पर जैन संस्कार विधि अपनाने का आह्वान किया।
विशेष त्याग एवं संकल्प:
- तपस्वी बिनोद छाजेड़: आजीवन पान मसाला सेवन का त्याग।
- दीपक छाजेड़: 1 वर्ष तक कोल्ड ड्रिंक का त्याग।
- सुमित बरडिया: गीतिका द्वारा अनुमोदना एवं 1 वर्ष तक पैटीज का त्याग।
- परिवारजन: अपनी-अपनी धारणा अनुसार विभिन्न नियमों को स्वीकार किया।
कार्यक्रम के अंत में साध्वी लक्ष्यप्रभा जी द्वारा मंगल पाठ का श्रवण करवाया गया। इस दौरान संपूर्ण वातावरण श्रद्धा, तप, त्याग एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।





