श्रीडूंगरगढ टुडे 2 सितंबर 2026
क्षेत्र के बिग्गा गांव की एक महिला ने अपने पति व ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार, बिग्गा निवासी पीड़िता सुमन कंवर ने रिपोर्ट दी कि उसका विवाह वर्ष 2016 में परसनेऊ निवासी जीतूसिंह पुत्र भीमसिंह राजपूत के साथ हुआ था। विवाह के समय उसके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार पर्याप्त दहेज, नकदी व गहने दिए थे। लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दिए गए दहेज से संतुष्ट नही हुए और कम दहेज का ताना देकर प्रताड़ित करने लगे।
मामला 1 सितंबर शाम 5 बजे का है जब प्रार्थिनी ससुराल के घर में काम कर रही थी तभी पति व ससुर दोनो आये और आते ही परिवादिया व पीहरवालो को गालियां निकालने लगे और कहने लगे कि तु व तेरे पीहरवाले हमें दहेज नहीं दे सकते तो तुझे इस घर में रखने का क्या फायदा और इतना कहकर आरोपीगण ने थाप मुक्को से मारपीट की चिल्लाने लगी तो ससुर ने पति को हथोड़ा लाकर दिया जिससे पति ने सिर में जोरदार चोट मारी जिससे सिर में गंभीर चोट लग गयी।
किसी तरह पीड़िता अपने बच्चों को बचाते हुए पड़ोसी के घर छुप गई और अपने पीहर सूचना दी। जब पीड़िता के माता-पिता और भाई मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और स्पष्ट कह दिया कि मांग पूरी हुए बिना वे उसे घर में नहीं बसने देंगे।
घटना के बाद पीड़िता अपने पीहर बिग्गा आ गई और थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने आरोपी पति जीतूसिंह और ससुर भीमसिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच एसआई सुभाष कुमार को सौंपी गई है।



