श्रीडूंगरगढ टुडे 2 सितंबर 2026
क्षेत्र में अपराध का ग्राफ लगातार तेजी से बढ़ता जा रहा है, जो पुलिस प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। गांव हेमासर से किडनैपिंग का मामला सामने आया है, जहां बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति को उसके घर के बाहर से पिस्टल की नोक पर अगवा कर लिया और 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी।
थानाधिकारी कश्यपसिंह राघव से मिली जानकारी के अनुसार, गांव हेमासर निवासी 55 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद पुत्र अन्नाराम ब्राह्मण ने इस संबंध में पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि 1 सितंबर 2026 को वह अपने घर के बाहर बनी दुकान पर बैठा था। उसी दौरान गांव के ही निवासी पवन पुत्र रमेश तावणियां, पंकज पुत्र संतोष मोट तथा उनके साथ आए 3-4 अन्य बदमाश विकटोरिश गाड़ी में सवार होकर पहुंचे। बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर राजेंद्र प्रसाद को जबरन गाड़ी में पटका और उसका अपहरण कर ले गए।
20 लाख की मांगी फिरौती, 12 लाख लेकर देर रात छोड़ा
अपहरणकर्ताओं ने परिवादी को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके परिजनों से 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी। घबराए परिजनों ने आनन-फानन में फिरौती की व्यवस्था की। परिवादी के बेटे कन्हैयालाल ने 12 लाख रुपए आशीष बोहरा के जरिए आरोपियों तक पहुंचाए। पैसे मिलने के बाद आरोपियों ने उसी रात करीब 11 बजे परिवादी को उसके घर के बाहर गाड़ी से फेंक दिया।
घर का गेट तोड़ा, सोने की चेन व अंगूठियां लूटीं
आरोपियों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका, उन्होंने एक बिना नंबर की पिकअप गाड़ी से परिवादी के घर के मुख्य गेट को टक्कर मारकर तोड़ दिया। जब परिवादी ने शोर मचाया तो आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन और दो सोने की अंगूठियां भी झपट लीं और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच एएसआई देवाराम को सौंपी गई है।



