श्रीडूंगरगढ टुडे 2 सितंबर 2026
क्षेत्र के गांव मोमासर में प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री वीर तेजाजी धाम में समस्त ग्रामवासियों द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्री भागवत कथा श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में निरंतर जारी है। 30 अगस्त से प्रारंभ हुआ यह धार्मिक आयोजन 05 सितंबर तक चलेगा।

कथा के प्रथम दिन ठाकुर जी के मंदिर से भव्य एवं दिव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर मुख्य यजमान मांगीलाल (पुत्र रावताराम गोदारा) ने पूर्ण श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ श्रीमद्भागवत ग्रंथ को अपने शीश पर धारण कर कथा स्थल तक पहुँचाया।

भागवत व तेजाजी महाराज की कथा का अद्भुत संगम
मेड़ता से पधारे सुप्रसिद्ध कथा वाचक पंडित रामकृष्ण शास्त्री अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का संगीतमय रसास्वादन करा रहे हैं। इस आयोजन की विशेष बात यह है कि भागवत कथा के साथ-साथ लोक देवता श्री वीर तेजाजी महाराज के जीवन चरित्र व गाथा का भी सुंदर वर्णन किया जा रहा है, जिससे पूरा पांडाल भक्तिमय माहौल और तेजाजी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा है।
ग्रामवासियों व श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति
इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालु हिस्सा कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे है। कथा के दौरान तुलसाराम बांगुड़ा, रामेश्वर गोदारा, मानाराम प्रजापत, त्रिलोकाराम भामू, जोराराम पूनिया, मानाराम गोदारा, भंवराराम सारण, अन्नाराम गोदारा, भीखाराम सारण, लूणाराम घिन्टाला, नेमाराम सुथार सहित अनेक ग्रामीणों ने अपनी सेवाएं दीं और कथा का आनंद लिया।

समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर कथा का रसास्वादन करने और धर्म लाभ उठाने की अपील की है।



