श्रीडूंगरगढ टुडे 5 सितंबर 2026
श्रीडूंगरगढ़ के सूर्या पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस का पावन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित करके की गई।
संस्था निदेशक मूलचंद स्वामी ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उनके समग्र व्यक्तित्व निर्माण, अच्छे संस्कारों और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं। समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि है और उनका योगदान सदैव वंदनीय है। और उनके योगदान को सदैव सम्मान की दृष्टि से देखा जाना चाहिए।
समारोह के दौरान विद्यालय के शिक्षक मनोज सिहाग, जगदीश प्रजापत, अंकिता प्रजापत, वंदिता स्वामी, दिव्या स्वामी, पूजा रेगर और नीतू सोनी ने भी अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन दर्शन और शिक्षा जगत में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डालते हुए गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार ने सभी शिक्षकों के प्रति आदर, सम्मान और कृतज्ञता ज्ञापित की, जिससे पूरा परिसर गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्तों की मिसाल बन गया।




