श्रीडूंगरगढ़ टुडे 9 सितंबर 2026/ सातलेरा से गौरीशंकर तावनियां की विशेष रिपोर्ट
श्रीडूंगरगढ अंचल में रामदेवरा पैदल यात्री संघों की रवानगी का सिलसिला शुरू हो गया है। पैरों में घुंघरू बांधे,सिर पर बाबा रामसापीर के नाम की टोपी पहने,हाथ में ध्वजा जुबां पर बाबा का जयकारा,डीजे पर बज रहे धार्मिक भजनों पर नाचते गाते भक्त श्री डूंगरगढ़ क्षेत्र के कई गांवों से आज बड़ी संख्या में बाबा के भक्तों का रेला रामदेवरा के लिए रवाना हुआ है।
गांव सातलेरा से मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में बाबा रामसापीर के भक्तों का रेला रामदेवरा के लिए रवाना हुआ।पैदल यात्री संघ द्वारा बाबा रामदेव जी महाराज के मंदिर में विशेष पूजा अर्चना करने के बाद मंदिर पुजारी रेवंतराम मेहरा ने संघ के जातुरूओं को तिलक लगाकर ध्वजा सौंपते हुए शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।संघ यात्री रामदेव जी मंदिर से रवाना होकर, बालाजी मंदिर ,वीर बिग्गाजी महाराज के मंदिर होते हुए गांव के सभी मंदिरों में धोक लगाकर डीजे पर बज रहे धार्मिक भजनों पर नाचते गाते हुए मन में अटूट श्रद्धा एवं आस्था लिए रवाना हुए।इस दौरान ग्रामीणों ने संघ सदस्यों का पुष्प वर्षा कर जयकारों के साथ शुभकामना देकर रवाना किया।संघ रवानगी से पूरे गांव का वातावरण भक्तिरस से सराबोर नजर आया। वहीं श्रीडूंगरगढ शहर से मंगलवार को अनेक पदयात्री संघों में श्रद्धालु उत्साह के साथ रवाना हुए। इस दौरान पदयात्रियों का स्वागत करते हुए बाबा के जयकारों के साथ पदयात्रियों को लोगों ने शुभकामनाएं दी।

बाबा की भक्ति में रंगा बीकानेर जयपुर नेशनल हाइवे
बीकानेर जयपुर नेशनल हाइवे इन दिनों बाबा रामसापीर के भक्तों से पूरी तरह से अटा हुआ भक्ति रंग में रंगा नजर आ रहा है। नेशनल हाइवे पर जगह जगह बाबा के भक्तों का रेला ही रेला नजर आ रहा है।डीजे पर बज रहे धार्मिक भजनों पर नाचते गाते बाबा के भक्तों से बीकानेर जयपुर नेशनल हाइवे का वातावरण पूरी तरह भक्ति रस में हिलोरे मार रहा है।बाबा के भक्तों के कदम रामदेवरा के लिए बढ़ रहे हैं।श्री डूंगरगढ़ सहित क्षेत्र के कई गांवों से पैदल यात्री संघों के रवानगी का सिलसिला अनवरत जारी है।




झोरड़ा पैदल यात्री संघ होगा 13 सितंबर को रवाना तैयारियां शुरू
श्रीडूंगरगढ टुडे 9 सितंबर 2026
सर्पों के देव ब्राह्मण कुल अवतारी बाबा श्री हरिराम जी महाराज के धोक लगाने के लिए गांव सातलेरा से झोरड़ा पैदल यात्री संघ 13 सितंबर को गाजे बाजे एवं भव्य जुलूस के साथ बाबा हरिराम जी महाराज के मंदिर में पूजा अर्चना के बाद दोपहर 2.15 बजे रवाना होगा ।संघ के संचालक विजयपाल एवं दौलतराम ने बताया कि झोरड़ा पैदल यात्री संघ मित्र मंडल की रवानगी को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।संघ 15 सितंबर शाम को झोरड़ा धाम पर पहुंच कर सुख समृद्धि की कामना को लेकर धोक लगाएगा ।



