श्रीडूंगरगढ टुडे 10 सितंबर 2026
गांव दुलचासर से गुरुवार को श्री तनोटराय माता मंदिर एवं रूणिचा (श्री रामदेवरा) धाम के लिए दो विशाल पैदल यात्री संघ एक साथ प्रातः 7:00 बजे ढोल-नगाड़ों, डीजे और धार्मिक जयकारों के साथ बड़ी धूमधाम से रवाना हुए।

इस दौरान पूरा गांव भक्तिमय माहौल से सराबोर हो गया।
तनोटराय संघ के प्रतिनिधि गुलराज महिया ने बताया कि इस बार तनोटराय माता मंदिर के लिए संघ की यह 5वीं फेरी (यात्रा) है। वहीं, रूणिचा पैदल यात्री संघ के अध्यक्ष संदीप कुमार मूंधड़ा ने जानकारी दी कि बाबा रामदेवजी के दरबार में जाने वाले इस संघ की यह 31वीं फेरी है।

श्री गोपाल गौशाला दुलचासर के सचिव रेवंतसिंह पड़िहार ने बताया कि तनोटराय पैदल यात्रा संघ में दुलचासर के साथ-साथ नजदीकी गांव देराजसर के श्रद्धालु भी शामिल हुए हैं, जो एक साथ मिलकर इस यात्रा को पूरा करेंगे।
संघ रवानगी के समय गांव के बच्चों, नौजवानों, बुजुर्गों और महिलाओं ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर दोनों संघों के पैदल यात्रियों को भावभिनी एवं हर्षोल्लास पूर्वक विदाई दी। ग्रामीणों ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए सभी पदयात्रियों की यात्रा सुखद और मंगलमय होने की कामना की।



