श्रीडूंगरगढ टुडे 7 जुलाई 2025
1.नहर में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत
जिले के बज्जू थाना क्षेत्र अंतर्गत गिराजसर गांव में रविवार दोपहर को एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक के पिता भीखसिंह ने बताया कि घटना रविवार को दोपहर करीब 12 बजे की है, जब अशोक घर के पास बनी नहर में डूब गया। परिजनों ने जैसे ही उसे गायब देखा तो आसपास खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बालक को नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना पर बज्जू पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवावाया। गांव में घटना के बाद शोक का माहौल है। परिजन अशोक की अचानक हुई मौत से सदमे में हैं।
2. ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। घटना नोखा थाना क्षेत्र की है। जहां बीती देररात को नागौर रोड़ चरकड़ा गांव चौकी के सामने अंडरब्रिज के समीप एक युवक की ट्रेन से कटने से मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान चरकड़ा निवासी मघाराम मेघवाल (38) के रूप में हुई । सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। जहां रविवार को पोस्टमॉर्टम करवाकर अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में मृतक के भाई ने मर्ग रिपोर्ट दर्ज करवायी है।
3.मोहर्रम जुलूस देखकर लौट रहे नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या
चूरू में मोहर्रम जुलूस देखकर लौट रहे नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए। मौके पर आरएसी, कोतवाली, सदर और महिला थाना की पुलिस तैनात है। मारपीट का एक सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें नाबालिग से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। डीएसपी सुनील झाझडिय़ा के अनुसार गौरी कॉलोनी वार्ड 4 निवासी शाहरुख (17) अपने दोस्तों के साथ मोहर्रम का जुलूस देखने गया था। लौटते समय शाम साढ़े चार बजे जब शाहरुख सफेद घंटाघर के पास पहुंचा तो कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। जिसके बाद एक दर्जन लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के बाद शाहरुख अचेत हो गया। आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए। वहां मौजूद युवक उसे डीबी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया


