श्री डूंगरगढ़ टुडे 8 अगस्त 2025
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर तेरापंथ महिला मंडल एवं तेरापंथ कन्या मंडल द्वारा अध्यक्ष मंजू बोथरा की अगुवाई में “रक्षकों का हाथ, रक्षा सूत्र के साथ” कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय पुलिस थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को राखी बांधकर उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर थाना अधिकारी श्री जितेंद्र ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि आप लोगों के आज के इस कार्यक्रम से हम सभी बहुत प्रसन्नता का अनुभव कर रहे हैं। आप लोगों का यह प्रेम और समर्पण देखकर हम भी अभिभूत हुए हैं।कार्यक्रम में तेरापंथ महिला मंडल की मंत्री अंबिका डागा ने कहा, “सीमा पर जहां सैनिक देश की रक्षा करते हैं, वहीं आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी आप सभी पुलिसकर्मी निभाते हैं। त्योहारों के समय भी आप अपने परिवार से दूर रहकर कर्तव्य पालन करते हैं, इसके लिए हम सब आपके आभारी हैं।” कार्यक्रम के दौरान महिला मंडल और कन्या मंडल की सदस्यों ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर उनके मस्तक पर कुमकुम-चावल से तिलक किया और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन का पर्व उल्लासपूर्वक मनाया। मंडल अध्यक्ष कन्या मंडल संयोजिका एवं पूरी टीम ने उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।









