श्रीडूंगरगढ़ टुडे 8 अगस्त 2025
उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा की अध्यक्षता में पंचायत समिति स्तरीय गोपालन समिति व समस्त गौशाला संचालकों के साथ बैठक का आयोजन शुक्रवार को उपखंड कार्यालय सभागार में किया गया। बैठक में उपखंड अधिकारी श्री शर्मा ने निराश्रित गौवंश को प्रत्येक गौशाला को क्षमतानुसार अनुपात में रखने हेतु गौशाला संचालकों से अनुरोध किया, जिस पर गौशाला संचालकों ने सहमति जताते हुए गौशाला पंजीकरण अधिनियम में पंजीकृत सरकार द्वारा अनुदानित प्रत्येक गौशाला में निराश्रित गौवंश व नंदीशालाओं में नंदी को पर्याप्त मात्रा में रखने का निश्चय किया। रात के समय सड़कों पर खुले विचरण करने वाले निराश्रित गोवंश का स्थानीय लोगों की टीम से सर्वेक्षण के माध्यम से चिह्नीकरण कर नजदीकी गौशाला से समन्वय स्थापित कर निश्चित संख्या में रखने हेतु पशुपालन विभाग से टैगिंग करवाने हेतु निर्देशित किया। शहरी क्षेत्र श्रीडूंगरगढ़ में निराश्रित गौवंश से आए दिन होने वाले हादसों पर चिंता जाहिर करते हुए उपखंड अधिकारी शर्मा ने शहरी क्षेत्र के गौशाला संचालकों से नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी व ब्लॉक वेटरनरी हेल्थ ऑफिसर से समन्वय कर टैगिंग करके गौशालाओं को सुपुर्द करने हेतु निर्देश दिए। तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा व विकास अधिकारी श्री मनोजकुमार धायल को पंजीकृत गौशालाओं का भौतिक सत्यापन करने हेतु निर्देशित किया। भौतिक सत्यापन के दौरान गौशालाओं में कुल गौवंश की संख्या टैगिंग स्थिति,ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकृत पशुओं की संख्या व मूलभूत सुविधाएं जांचने के निर्देश दिए। अधिशाषी अधिकारी द्वारा दुधारू पशुओं को मालिकों द्वारा घर के बाहर सड़क पर खुले में छोड़ देने की बात पर उपखंड अधिकारी ने स्थानीय गौशाला संचालकों व क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अपने गोवंश के प्रति संवेदनशीलता और सहानुभूति रखते हुए उन्हें किसी भी हालत में खुले में न छोड़ें। उपस्थित गोपालन समिति सदस्यों से गौशालाओं के संबन्ध में पशुपालन विभाग व आपसी समन्वय से समय-समय पर अभियान चलाया जाकर निराश्रित गौवंश के गले में रेडियम बेल्ट लगवाने हेतु भी निर्देशित किया ताकि रात के समय सड़क पर गोवंश के होने वाले हादसों से बचा जा सकें।




