श्रीडूंगरगढ़ टुडे 10 अक्टूबर 2025
दीपावली से पहले बाजारों में बढ़ी मिठाइयों की डिमांड के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3000 किलो खीचिए सीज और 1330 किलो मावा नष्ट किया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त के निर्देश पर 6 से 19 अक्टूबर तक चल रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि शुक्रवार को मैसर्स एस एंटरप्राइजेज, करनी इंडस्ट्रीयल एरिया बीकानेर में निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई की गई।
निरीक्षण में फैक्ट्री में सादा और रंगीन खीचिए (फिंगर) प्लास्टिक कट्टों में रखे मिले। चार नमूने लिए गए और 120 कट्टों में रखे करीब 3000 किलो खीचिए सीज किए गए।
खाद्य कारोबारी को निर्देश दिए गए कि खीचियों में 100 पीपीएम से अधिक रंग का प्रयोग न करें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। साथ ही इंप्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया गया।
इसके अलावा, फलोदी से आ रही एक पिकअप में 1330 किलो मावा जब्त किया गया। दो दिन चली इस कार्रवाई में 7 नमूने लिए गए। मावे के मालिक के नहीं आने और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर उसे आबादी से दूर नष्ट कर दिया गया।
सभी नमूने जनस्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानू प्रताप सिंह, सुरेंद्र कुमार और राकेश गोदारा शामिल रहे।





