श्रीडूंगरगढ़ टुडे 11 नवम्बर 2025
श्रीडूंगरगढ़ सामाजिक संस्था आपणो गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति के सदस्यों ने मंगलवार को विधायक ताराचंद सारस्वत से मुलाकात कर कालू रोड पर स्थित कस्तूरीदेवी राठी राजकीय पशु चिकित्सालय को पॉलीक्लिनिक में क्रमोन्नत करने की मांग रखते हुए ज्ञापन सौंपा।
सेवा समिति के अध्यक्ष जतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि यह चिकित्सालय क्षेत्र का प्रमुख पशु उपचार केंद्र है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में शहरी व ग्रामीण पशुपालक अपने पशुओं का उपचार करवाने पहुँचते है। वर्तमान में यह चिकित्सालय सामान्य श्रेणी में संचालित है, जिससे संसाधनों, चिकित्सकों एवं उपकरणों की कमी के कारण पशुपालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
सेवादारों ने बताया कि आपणो गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति लंबे समय से बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गोवंश व वन्य जीवों को रेस्क्यू कर उपचार हेतु इस चिकित्सालय में लाने का कार्य कर रही है।
सेवा समिति ने यह भी अवगत कराया कि यदि इस चिकित्सालय को पॉलीक्लिनिक में क्रमोन्नत किया जाता है, तो भवन निर्माण, भूमि, एवं उपकरणों की सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ भामाशाहों के सहयोग से की जाएंगी।
समिति ने विधायक सारस्वत से आग्रह किया कि जनहित एवं पशुपालन हित में इस प्रस्ताव को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभाग से आवश्यक स्वीकृति दिलाने की कृपा करें।
इस दौरान प्रतिमंडल में अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित, महेंद्र पारीक, मदन सोनी, शूरवीर मोदी मौजूद रहे ।





