श्रीडूंगरगढ़ टुडे 2 फरवरी 2026
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया का सोमवार दोपहर जयपुर से बीकानेर जाते समय श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। क्षेत्र में प्रवेश करते ही समर्थकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया गया।
वसुंधरा राजे के श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की सीमा में पहुंचने पर नगरपालिका क्षेत्र, पूर्व विधायक स्व. किसनाराम नाई की बाड़ी तथा शेरूणा में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया।
शेरूणा में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए सम्मान प्रकट किया।
उल्लेखनीय है कि वसुंधरा राजे सिंधिया आज खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल एवं कुलगुरु डॉ. विमला मेघवाल के पुत्र विदित के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बीकानेर रवाना हुई थीं। इसी क्रम में उनके मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समर्थकों ने उनका स्वागत किया।




