श्रीडूंगरगढ़ टुडे 3 मार्च 2026
मोमासर होली महोत्सव: चंग की थाप पर थिरका शेखावाटी, पाबूसर मंडली ने जीता प्रथम पुरस्कार
“साजन आया ए सख्खी, कांई मनुहार करूं…” जैसे पारंपरिक लोकगीतों और चंग-बांसुरी की सुमधुर धुन पर थिरकती मंडलियों ने सोमवार को मोमासर के प्रसिद्ध होली महोत्सव में समां बांध दिया। गांव के लोक कलाकारों की हंसी-ठिठोली और रंगारंग प्रस्तुतियों ने उत्सव में चार चांद लगा दिए।
प्रतियोगिता के परिणाम: पाबूसर का जलवा
भोमिया दादा के जयकारों के साथ शुरू हुई चंग प्रतियोगिता में क्षेत्र की बेहतरीन मंडलियों ने अपना हुनर दिखाया। कड़ी टक्कर के बाद परिणाम इस प्रकार रहे:
प्रथम स्थान: पाबूसर चंग मंडली (₹25,000 नगद)
द्वितीय स्थान: बींझवा (चूरू) चंग मंडली (₹15,000 नगद)
तृतीय स्थान: पितरजी एंड पार्टी, रामसीसर (₹10,000 नगद)
सांत्वना पुरस्कार: आसपालसर, गोमंडिया और धीरदेसर पुरोहितान मंडलियों को ₹2100-2100 का पुरस्कार दिया गया।
इस समस्त कार्यक्रम का के आर्थिक सौजन्य सुरेंद्र जी बोर्ड और अरुण जी संचेती द्वारा की गया ।
सांस्कृतिक विरासत और विकास का संगम
मुख्य अतिथि विधायक ताराचंद सारस्वत और श्रीविश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुधार ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। विधायक सारस्वत ने इस आयोजन को मोमासर की अनमोल धरोहर बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम आपसी भाईचारे और प्रेम को प्रगाढ़ करते हैं।
इस अवसर पर उपसरपंच जुगराज संचेती ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि नकोदेसर से जोरावरपुरा और धीरदेसर से मोमासर तक की दो नई सड़कों की सौगात क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
प्रशासनिक व राजनीतिक हस्तियों की रही मौजूदगी
समारोह में भाजपा नेता अनिल जोशी, डॉ. विवेक माचरा, पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा, सांसद पुत्र रविशेखर मेघवाल सहित उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, सीओ निकेत पारीक और तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
बाबूलाल गर्ग ने बताया कि कमेटी द्वारा सभी अतिथियों का साफा पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया गया।
जनसैलाब: महोत्सव का उत्साह ऐसा था कि मैदान के साथ-साथ आसपास के घरों की छतें भी दर्शकों से अटी पड़ी थीं। चंग प्रतियोगिता के बाद अब क्षेत्र के प्रसिद्ध ‘गींदड़’ नृत्य और विभिन्न स्वांग (भेष बदलना) के आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।








