श्रीडूंगरगढ़ टुडे 20 मार्च 2026
जिले के देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने मुख्यमंत्री से बीकानेर के किसानों के लिए विशेष राहत की मांग की है। इस संबंध में सियाग ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। जिसमें सियाग ने कहा कि बीकानेर के नोखा, लूणकरणसर, कोलायत, खाजूवाला और श्रीडुंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में हाल ही में हुई तेज़ आंधी-तूफ़ान और बेमौसम बारिश से फसलें लगभग पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं। पत्र में बताया गया कि किसानों ने चार महीने की मेहनत के बाद तैयार रबी फसलों में से लगभग 90 प्रतिशत फसलें खो दी हैं। गेहूं, ज्वार, चना सहित अन्य फसलें भी इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुई हैं। किसानों ने खेती के लिए बैंक, सहकारी बैंक और साहूकारों से कर्ज लेकर बीज, ट्रैक्टर, खाद आदि का खर्च किया था, लेकिन अचानक आई आंधी और बारिश से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया। सियाग ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि बीकानेर के किसानों को हुए नुकसान का विशेष रूप से आंकलन कर उचित मुआवजा दिलाया जाए, ताकि किसानों को इस आर्थिक संकट से राहत मिल सके।


