श्रीडूंगरगढ़ टुडे न्यूज 28 मार्च 2026
नागरिक विकास परिषद्, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा कस्बे के रेलवे स्टेशन पर व्याप्त विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को ज्ञापन प्रेषित किया गया है। परिषद् के अध्यक्ष तुलसीराम चोरडिया ने बताया कि ज्ञापन में यात्रियों की सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें की है।
स्टेशन पर वर्तमान में केवल एक एटीवीएम मशीन होने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। अतः एक अतिरिक्त मशीन लगाने की मांग की गई है। वहीं प्लेटफार्म नंबर 1 पर शेड छोटा होने के कारण बीकानेर दिशा में बड़े शेड के निर्माण की आवश्यकता जताई गई है।
परिषद् ने स्टेशन पर एसी वेटिंग रूम बनाने, पेयजल संकट को देखते हुए ट्यूबवेल निर्माण करवाने तथा रिजर्वेशन काउंटर को अलग कर उसके लिए पृथक स्टाफ नियुक्त करने की भी मांग की है।
इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए फुटओवर ब्रिज (एफओबी) पर व्हीलचेयर मार्ग, बिजली कटौती से निजात तथा डिजिटल टाइम टेबल डिस्प्ले लगाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है।
परिषद् ने केंद्रीय मंत्री से इन मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान कर आमजन व यात्रियों को राहत दिलाने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि उत्तर-पश्चिम रेलवे जयपुर के महाप्रबंधक एवं बीकानेर मंडल प्रबंधक को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।


