श्रीडूंगरगढ टुडे 24 अगस्त 2026
श्रावण मास में शिवभक्ति, तीज उत्सव एवं ठाकुरजी के झूला उत्सव की परंपरा को जीवंत रखते हुए श्रीडूंगरगढ़ प्रवासी महिला मंडल द्वारा शनिवार को तीज-सिंजारा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सूरत में निवास कर रहे श्रीडूंगरगढ़ प्रवासी परिवारों की बहू-बेटियों एवं महिलाओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक एंव धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में सोलह श्रृंगार और पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने तीज के गीतों और सांस्कृतिक नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा सज-धज कर आई महिलाओं का सम्मान भी हुआ।
वरिष्ठ महिलाओं ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम अपनी सांस्कृतिक विरासत और रीति-रिवाजों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ प्रवासी समाज को एकजुट रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। आयोजक मंडल ने भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक व सांस्कृतिक आयोजन निरंतर आयोजित करने का संकल्प जताया। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।











