श्रीडूंगरगढ टुडे 25 अगस्त 2026
तेरापंथ युवक परिषद,चेंबूर ने समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नेत्र स्वास्थ्य के संरक्षण हेतु एक दिवसीय ‘नेत्रदान संगोष्ठी एवं निःशुल्क नेत्र जांच शिविर’ का आयोजन किया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. हितेश चापलोत एवं सुनील डुंगरवाल रहे। सहयोगी चिकित्सक डॉ. आस्था जैन (M.D. Ophthalmologist) ने शिविर में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएँ दीं।
संगोष्ठी के दौरान डॉ. आस्था जैन ने उपस्थित जनसमूह को नेत्रदान के महत्व, प्रक्रिया तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों के विषय में विस्तृत जानकारी दी। वक्ताओं ने बताया कि एक व्यक्ति का नेत्रदान चार नेत्रहीन व्यक्तियों के जीवन में नया प्रकाश ला सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया।
संगोष्ठी के पश्चात आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श व मार्गदर्शन दिया गया। शिविर के माध्यम से लोगों को नियमित नेत्र परीक्षण कराने और आँखों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
इस आयोजन में लगभग 120 लोगों की उपस्थिति रही तथा 75 से अधिक लोगों ने अपनी आँखों की जाँच करवाई। साध्वीश्रीजी ने इस सेवाभावी कार्य हेतु सभी को मंगलभावना प्रेषित करते हुए मंगलपाठ का श्रवण कराया।
कार्यक्रम में तेरापंथ सभा ट्रस्ट से मूलचंद लोढ़ा, तेरापंथ सभा अध्यक्ष लक्ष्मण कोठारी, मंत्री दिलीप मेहता, कोषाध्यक्ष सुरेश धाकड़, तेयुप अध्यक्ष हिमांशु गन्ना, मंत्री कपिल मेहता, उपाध्यक्ष अरुण धाकड़, सहमंत्री विरल चंडालिया, चिकित्सा प्रभारी डॉ. हितेश चपलोत सहित महिला मंडल एवं चेंबूर समाज की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी तेरापंथ युवक परिषद्, चेंबूर के मीडिया प्रभारी निलेश राठौड़ ने दी।





