श्रीडूंगरगढ टुडे 25 अगस्त 2026
नगरपालिका चुनाव की हलचल तेज होते ही शहर की सियासत में रोज नए समीकरण बनने लगे हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के अलावा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) तथा कॉमरेड प्रत्याशी मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर विकास मंच भी सभी 40 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारने की कवायद में जुटा है, जिससे अधिकांश वार्डों में बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है।
स्वतंत्रता सेनानी परिवार की पृष्ठभूमि और विकास कार्य बने मजबूती
वार्ड नंबर 6 की चुनावी तस्वीर पूर्व पार्षद प्रीति शर्मा के फिर से मैदान में उतरने के बाद बेहद दिलचस्प हो गई है। स्वतंत्रता सेनानी स्व. मघाराम रामनारायण शर्मा की पौत्री होने के नाते उनका पारिवारिक जनाधार और सम्मान उनके पक्ष में एक मजबूत पहलू माना जा रहा है। इसके साथ ही, पिछले कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्य और जनसमस्याओं को लेकर उनकी सक्रियता समर्थकों के अनुसार उनकी दावेदारी को बल दे रही है।
सामान्य पालिकाध्यक्ष सीट से बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
पालिकाध्यक्ष पद की सीट सामान्य घोषित होने के बाद पार्षदों का चुनाव और अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। राजनीतिक दल ऐसे उम्मीदवारों को वरीयता दे सकते हैं, जिनमें पालिकाध्यक्ष पद की संभावनाएं नजर आ रही हों। इसी कड़ी में वार्ड 6 से प्रीति शर्मा का नाम भी संभावित प्रमुख चेहरों में चर्चा में आ गया है।
फिलहाल, प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होने और नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वार्डवार मुकाबले का स्पष्ट खाका तैयार हो सकेगा।



