श्रीडूंगरगढ़ टुडे 10 जून 2026
सामाजिक अंकेक्षण संघ, बीकानेर के प्रतिनिधिमंडल ने सामाजिक अंकेक्षण कार्य से जुड़े ब्लॉक संसाधन व्यक्तियों (BRP) एवं ग्राम संसाधन व्यक्तियों (VRP) की विभिन्न लंबित समस्याओं और मांगों के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा
संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि सामाजिक अंकेक्षण कार्य से जुड़े कार्मिक लंबे समय से मानदेय भुगतान में देरी, यात्रा भत्ता नहीं मिलने, प्रशिक्षण अवधि के खर्च का भुगतान नहीं होने तथा कार्य संबंधी अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने से कार्मिकों में रोष व्याप्त है।

ज्ञापन में पूर्व में कार्यरत अनुभवी VRP को प्राथमिकता देने, BRP एवं VRP को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने, प्रशिक्षण एवं भ्रमण अवधि का नियमानुसार भत्ता देने, पहचान पत्र जारी करने तथा सामाजिक अंकेक्षण व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई। संघ ने प्रशासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह करते हुए कहा कि समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं होने पर आगामी रणनीति बनाकर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बाबूलाल गर्ग, बंशीलाल, भागीरथ प्रसाद बारोटिया, जगदीश प्रसाद बारोटिया, रामनारायण तथा कालू राम बाना उपस्थित रहे।




