श्रीडूंगरगढ़ टुडे 14 जून 2026
राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ एवं राजकीय महाविद्यालय मोमासर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बीए प्रथम वर्ष में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। इच्छुक विद्यार्थी 21 जून तक अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से ई-मित्र पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
प्राचार्य ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में प्रथम प्रवेश सूची जारी होने के बाद अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं एमबीसी श्रेणी में रिक्त सीटों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। वहीं राजकीय महाविद्यालय मोमासर में सभी श्रेणियों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार आवेदन पत्रों का ऑनलाइन सत्यापन 22 जून तक किया जाएगा। रिक्त सीटों के लिए प्रतीक्षा सूची 23 जून को जारी होगी। चयनित अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन तथा ई-मित्र पोस्टिंग की प्रक्रिया 29 जून तक पूरी की जाएगी। अभ्यर्थियों को इसी दिन तक प्रवेश शुल्क भी जमा करवाना होगा।
प्रवेशित विद्यार्थियों की अंतिम सूची 30 जून को प्रकाशित की जाएगी। नवप्रवेशित विद्यार्थियों का वर्ग निर्धारण एवं विषय आवंटन 1 जुलाई को किया जाएगा।
महाविद्यालय प्रशासन ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समयावधि में आवेदन करने की अपील की है, ताकि रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जा सके।




