श्रीडूंगरगढ़ टुडे 1 जुलाई 2026
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को ग्राम पंचायत कल्याणसर नया और ऊपनी में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। उपखंड अधिकारी एवं शिविर प्रभारी शुभम शर्मा के निर्देशन में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही आमजन की समस्याएं सुनकर कई प्रकरणों का निस्तारण किया तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिया।
पंचायती राज विभाग ने शिविर में राजस्थान पंचायती राज नियम, 1996 के तहत 62 आवासीय पट्टे जारी किए। इनमें 13 पट्टे विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू परिवारों को दिए गए। साथ ही एक राशन कार्ड ट्रांसफर, एक मृत्यु प्रमाण-पत्र और चार जन्म प्रमाण-पत्र जारी किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 48 स्वीकृतियां जारी की गईं, जबकि मनरेगा के तहत 456 श्रमिकों को जागरूक कर दो नए कार्य प्रस्ताव प्राप्त किए गए।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के दो नए आवेदन प्राप्त किए तथा चार लाभार्थियों का वार्षिक भौतिक सत्यापन किया। पालनहार योजना में छह नए आवेदन लिए गए और पांच का सत्यापन किया गया। अनुजा निगम के माध्यम से दो पात्र व्यक्तियों के ऋण आवेदन भी तैयार करवाए गए।
राजकुमार बिश्नोई ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग ने 120 ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया। दो गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, एक बच्चे का आंगनबाड़ी पंजीकरण और दो बच्चों का आधार नामांकन किया गया। प्रवेशोत्सव के तहत एक बच्चे का आंगनबाड़ी में प्रवेश कराया गया तथा एक गर्भवती महिला की गोद भराई रस्म भी आयोजित की गई। साथ ही किराये के भवन में संचालित एक आंगनबाड़ी केंद्र के लिए स्थायी पट्टा जारी किया गया।
पशुपालन विभाग ने 40 पशुपालकों को लाभान्वित करते हुए 89 बीमार पशुओं का उपचार किया। 100 पशुओं का एफएमडी एवं एलएसडी रोगों के विरुद्ध टीकाकरण, 200 पशुओं को कृमिनाशक दवा पिलाई गई तथा 90 स्थानों पर परजीवीनाशक दवा का छिड़काव किया गया। मौके पर नौ मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा पॉलिसियों का भी वितरण किया गया।
राजस्व विभाग ने कई काश्तकारों के खाता विभाजन एवं नाम शुद्धि (म्यूटेशन) के प्रकरणों का आपसी सहमति से निस्तारण किया। पीएचईडी ने पेयजल से जुड़ी छह शिकायतों का समाधान किया, जबकि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों एवं ओआरएस पैकेट वितरित किए।
शिविर के अंत में उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का संवेदनशीलता के साथ यथासंभव मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना अनावश्यक विलंब के मिल सके।







