श्रीडूंगरगढ़ टुडे 4 जुलाई 2026
कस्बे के आडसर बास वार्ड न. 29 में स्थित श्री हरिराम बाबा मंदिर में हरिराम बाबा का 124वां जन्मोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विशाल जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें भजन गायक सम्पत उपाध्याय ने बाबा की महिमा और चमत्कारों का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में झूमते रहे।

पुजारी श्रवण कुमार शर्मा ने बताया कि जागरण से पूर्व महाज्योत प्रज्वलित की गई तथा मावे के केक का भोग अर्पित किया गया। मंदिर परिसर को पुष्पमालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे भक्तिमय वातावरण बन गया।
पण्डित कृष्ण शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में झोरड़ा पैदल यात्री संघ के सभी सदस्य, बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं बड़ी संख्या मोहल्लेवासी शामिल हुए। इस दौरान भजन गायक सम्पत उपाध्याय का साफा एवं पुष्पमाला पहनाकर स्वागत और सम्मान किया गया। आयोजन देर रात तक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ।






