क्षेत्र में चोरों का आंतक लगातार बढ़ रहा है। घर में सो रहे परिवार के निकट ही चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गए। चोरी की यह वारदात गांव ऊपनी में सीताराम पुत्र नेमाराम जाट के घर बुधवार रात करीब तीन बजे हुई। परिवार घर में ही बाहर के कमरे में सो रहा था। कमरे के पास ही घर का मुख्य दरवाजा था। चोर मुख्य दरवाजे से घर में घुसे और अंदर के कमरों से चार बक्शे उठाकर घर के पीछे ले गए। बक्शे वहीं फैंक गए और उनमें से सोने-चांदी के गहने और नगदी लेकर फरार हो गए।
परिवादी ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए बताया कि वह तीन बजे जागा तो उसने देखा घर का गेट खुला पड़ा है और संदूके घर के पीछे पड़ी है। चोरों ने चार जोड़ी पायल, सोने के छह फुलड़े, सोने का मंगलसूत्र, एक कंठी, ठूस्सी, पांच सोने की अंगूठियां, एक सेट, चांदी के कड़े, आवंले, चांदी के हाथ के आड़, चांदी की काठी और करीब 40 हजार रूपए नगदी लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर एसआई रतनलाल अलसुबह ही तुरंत मौके पर पहुंचे और चोरों की खोजबीन का प्रयास शुरू किया। रतनलाल के अनुसार मामले की बारिकी से जांच की जा रही है। इस चोरी की घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से गांव में गश्त करने की मांग की है।


