श्रीडूंगरगढ़ टुडे 19 मार्च 2026 (सातलेरा से गौरीशंकर तावनियां की रिपोर्ट)
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है।आसमान काले बादलों से घिरा हुआ नजर आ रहा है।बिगड़े मौसम के बीच चल रही ठंडी हवाओं ने सर्दी का अहसास करा दिया है।मौसम विभाग ने 19 व 20 मार्च को बीकानेर सहित कई जिलों में तेज हवा चलने तथा मेघ गर्जन और बरसात के साथ ओलावृष्टि की प्रबल संभावना जताई है।बुधवार शाम से रुक रुक कर बूंदाबांदी का दौर जारी है।
मौसम के बिगड़े मिजाज के चलते किसान वर्ग भी चिंतित हैं। किसान खेतों में इस समय फसल कटाई में जुटे हैं। कटाई के लिए तैयार सूखी फसलों पर घिरे आशंका के बादलों ने किसानों की धड़कन को बढ़ा दिया है।किसानों ने बताया कि इस समय खेतों में सरसों,ईसबगोल,मैथी,जौ चना की कटाई हो रही है ऐसे में अगर अंधड़ या ओलावृष्टि हो गई तो किसानों की मेहनत मिट्टी में मिल सकती है।सातलेरा गांव के किसान आशाराम मेघवाल सहित किसान मामराज,कमल कुमार,किशोर सारस्वत आदि ने बताया कि मौसम ने किसानों की भागदौड़ को बढ़ा दिया है।मौसम को देखते हुए किसान जितनी फसल कटाई करता है उसको पीछे पीछे ही इकट्ठी करनी पड़ रही है किसानों को आशंका सता रही है कि कहीं अंधड़ बरसात हो गई तो फसलों को कहीं नुकसान ना हो जाए।
मजदूरों की मांग बढ़ी – मौसम को देखते हुए मजदूरों की मांग में भी इजाफा हो गया है।खेतों में फसल कटाई के लिए मजदूरों की मांग बढ़ गई है।किसानों ने बताया कि खराब मौसम को लेकर किसान जल्दी जल्दी फसलों की कटाई कर इकट्ठी करने में लगे हैं।मजदूरों की मांग के साथ साथ मजदूरों को मजदूरी भी अच्छी मिल रही है किसानों ने बताया कि प्रति मजदूर 600 से 700 रुपए की मजदूरी मजदूरों को मिल रही है फिर भी मजदूर नहीं मिल पा रहे हैं।बाहर से मजदूरों को बुलाना पड़ रहा है ।किसान नरेश तरड़ ने बताया कि मौसम को देखते हुए कई किसानों ने फसल कटाई का काम रोक दिया है। चिंतित किसानो ने आसमान की तरफ देखते हुए कहा कि ऊपर वाले की जैसी मर्जी है वैसे ही होगा ।






