श्रीडूंगरगढ टुडे 14 सितंबर 2026
गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर आज कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में गजानन की भक्ति की अद्भुत छटा देखने को मिली। सुबह से ही विभिन्न गणेश मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।
मंदिर परिसरों को आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगे गुब्बारों और झालरों से सजाया गया है। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और महाआरती के आयोजन किए गए। श्रद्धालुओं ने प्रथम पूज्य श्रीगणेश को पान, दुर्वा और मोदक (लड्डुओं) का भोग लगाकर क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना की।
घर-घर स्थापित हुए विघ्नहर्ता
मंदिरों के साथ-साथ कस्बे के विभिन्न वार्डों और घरों में भी विधि-विधान व मंत्रोचार के साथ गणपति पूजन संपन्न हुआ। भक्तों ने ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ गणपति बाप्पा की प्रतिमाओं की स्थापना की। बिग्गाबास स्थित गणेश मंदिर, वार्ड संख्या 14 व 21 स्थित गणेश मंदिर तथा वार्ड 22 में सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत रूप से गणपति स्थापना की गई।
बाजारों में रही रौनक
त्योहार के मद्देनजर कस्बे के बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल देखी गई। विशेषकर मिठाई की दुकानों पर मोदक और लड्डुओं की खरीदारी के लिए ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रही बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में गणेशोत्सव को लेकर भारी उत्साह नजर आया।

















