श्रीडूंगरगढ टुडे 14 सितंबर 2026
तेरापंथ युवक परिषद श्रीडूंगरगढ़ की ओर से मरीजों की सुविधा के लिए मालू भवन में वाई-पेप मशीन की सुविधा शुरू की गई है। स्वर्गीय पांचीलाल सिंघी, स्वर्गीय फूलीदेवी एवं नेत्रदानी स्वर्गीय आशीदेवी सिंघी की पुण्य स्मृति में प्रतापमल, धनराज एवं प्रकाश सिंघी परिवार की ओर से मशीन भेंट की गई। इसका लोकार्पण मालू भवन में हुआ।
डॉक्टर प्रवीण गुप्ता ने वाई-पेप मशीन के उपयोग और मरीजों को इससे मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जरूरत पड़ने पर मरीज को मशीन लगाने और उसे चालू करने में अपनी सेवाएं देने का आश्वासन दिया। तुलसी सेवा संस्थान के प्रशासक सूर्यप्रकाश गांधी ने कहा कि मशीन से जरूरतमंद रोगियों को काफी लाभ मिलेगा।
सिंघी परिवार ने मशीन की जिम्मेदारी ऑक्सीजन प्रभारी अशोक झाबक, तेयुप मंत्री पीयूष बोथरा और सहमंत्री सुमित बरड़िया को सौंपी। कार्यक्रम में सभा मंत्री प्रदीप पुगलिया, सभा सदस्य अशोक बैद, महिला मंडल अध्यक्षा मंजू बोथरा, उपाध्यक्ष मधु झाबक, मंत्री अंबिका डागा, चैनरूप नाहटा, त्रिलोकचंद हीरावत, राजकरण तातेड, विजयराज सेठिया, केएल जैन सहित समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अब और चिकित्सा उपकरणों की जरूरत: ऑक्सीजन प्रभारी अशोक झाबक ने समाज के भामाशाह परिवारों से संस्था के लिए बड़े ऑक्सीजन सिलेंडर, लिफ्ट मेडिकल बेड सहित अन्य जरूरी चिकित्सा उपकरण भेंट करने का आग्रह किया। तेयुप मंत्री पीयूष बोथरा ने दानदाता सिंघी परिवार का आभार जताया।











