श्रीडूंगरगढ टुडे 15 सितंबर 2026
कस्बे के सनशाइन पब्लिक स्कूल और विद्यास्थली कॉन्वेंट स्कूल में गणेश पूजा एवं गणेश वंदना का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सर्वप्रथम विघ्नहर्ता भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की और मनमोहक गणेश वंदना प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निदेशक राकेश व्यास एवं सनशाइन पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल रेणु व्यास ने भारतीय संस्कृति और समृद्ध परंपराओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने भगवान श्री गणेश के जीवन से जुड़े पौराणिक प्रसंग सुनाते हुए विद्यार्थियों को बुद्धिमत्ता, विवेक और ज्ञान का महत्त्व समझाया। निदेशक व्यास ने कहा कि “भगवान गणेश बुद्धि और विवेक के प्रतीक हैं। विद्यार्थियों को उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सही निर्णय लेने और ज्ञान अर्जित करने का प्रयास करना चाहिए।”
आयोजन के दौरान विद्यास्थली कॉन्वेंट स्कूल के प्रिंसिपल परमेश्वर सहारण, कांता महर्षि, अंतिमा उपाध्याय, पार्वती, भूमिका जोशी, ममता सारस्वत सहित समस्त स्कूल स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने भगवान गणेश की आरती कर प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया।











