श्रीडूंगरगढ़ टुडे 26 मार्च 2026
जयपुर के राजकीय कन्या महाविद्यालय, गांधी नगर में गुरुवार को एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और आपातकालीन स्थिति में तकनीक के उपयोग के बारे में जानकारी देना था।
इस अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को “इको भारत स्मार्ट क्यूआर टैग (Eco Bharat Smart QR Tag) वितरित किए गए। जयपुर संयोजिका श्रीमती निशा बग्गा के समन्वय में यह पहल सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
श्रीमती निशा बग्गा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के दौरान समय पर सहायता मिलना सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने बताया कि यह स्मार्ट क्यूआर टैग वाहन पर लगा होने से किसी भी दुर्घटना की स्थिति में राहगीर इसे स्कैन कर वाहन मालिक के परिजनों और आपातकालीन सेवाओं को तुरंत सूचित कर सकते हैं। इसमें घायल व्यक्ति की मेडिकल जानकारी (जैसे ब्लड ग्रुप) भी उपलब्ध होती है, जिससे अस्पताल में इलाज शुरू करने में आसानी होती है।
सत्र के दौरान छात्रों को सड़क सुरक्षा के नियमों की शपथ दिलाई गई और उन्हें बताया गया कि कैसे तकनीक के माध्यम से वे स्वयं को और दूसरों को सुरक्षित रख सकते हैं। महाविद्यालय प्रशासन और छात्राओं ने इस आधुनिक पहल की सराहना की और इसे आज के समय की एक अनिवार्य आवश्यकता बताया।





