श्रीडूंगरगढ़ टुडे 18 सितंबर 2026
दुलचासर गांव स्थित मिठिएं कुएं के श्री हनुमान जी मंदिर से सांयकाल 7:15 बजे श्री बजरंग पैदल यात्री संघ पुनरासर धाम के लिए रवाना हुआ।
श्री गोपाल गौशाला दुलचासर के सचिव रेवंतसिंह पड़िहार ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मंदिर के पुजारी रतनलाल जाजड़ा ने विधिवत रूप से ज्योत प्रज्वलित की। मंदिर में उपस्थित सभी पदयात्रियों व श्रद्धालुओं ने जोत के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं यात्रा की निर्विघ्न पूर्णता की कामना की।
संघ की रवानगी के समय हनुमान जी मंदिर परिसर व आसपास का वातावरण ‘जय बजरंगबली’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। विदाई समारोह के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़े और डीजे की भक्तिमय धुनों के साथ पदयात्रियों को उत्साहपूर्वक पुनरासर धाम के लिए विदा किया।



