श्रीडूंगरगढ़ टुडे 18 सितंबर 2026 (रिपोर्ट -गौरीशंकर तावानियाँ)
भादवा महीने में पूरा श्री डूंगरगढ़ अंचल भक्ति रस में रंगा हुआ हिलोरे ले रहा है। पैदल यात्राओं सहित मेले और मगरियों की धूम मची हुई है।
सातलेरा गांव से दो किलोमीटर दूर उत्तर दिशा रोही स्थित प्रकाश भोमिया जी महाराज के मंदिर पर पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने प्रसाद चढ़ाकर भोमिया जी महाराज से सुख-समृद्धि की कामना की।
इससे पूर्व गुरुवार को यहाँ रामायण पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शुक्रवार को विशाल मेला भरा, जिसमें सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुँचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए भोमिया जी महाराज के जयकारों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का भव्य आयोजन रखा गया। श्रद्धालुओं ने अखण्ड ज्योत के दर्शन कर भोमिया जी महाराज के दरबार में मत्था टेका और मन्नतें मांगी। देर रात तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुँचने का क्रम अनवरत जारी रहा।






