श्रीडूंगरगढ़ टुडे 21 मई 2026
मोमासर गांव में दुकान में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मोमासर निवासी कुलदीप पुत्र संपत कुमार प्रजापत ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि 17 मई की रात करीब 11:30 बजे कुछ लोगों ने उसकी दुकान में जबरन घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
परिवाद में बताया गया कि आरोपी राकेश पुत्र गिरधारी लाल, गोपाल पुत्र गिरधारी तथा मुकेश पुत्र किशन बावरी निवासी मोमासर ने दुकान में घुसकर उसके साथ मारपीट की और रुपये व सामान लूटकर ले गए।
आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित की गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट, चोरी और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


