श्रीडूंगरगढ़ टुडे 17 जून 2026
सामाजिक लेखा परीक्षा, जवाबदेही एवं पारदर्शिता सोसायटी (SSAAT), जयपुर तथा राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (NIRDPR), हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला परिषद बीकानेर के सहयोग से “VB-GRAM-G योजना के तहत संसाधन व्यक्तियों की सामाजिक अंकेक्षण के बेहतर क्रियान्वयन व क्षमता संवर्धन हेतु संभाग स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण” का शुभारंभ बुधवार को हरिश्चन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (HCM RIPA), बीकानेर में हुआ।

अनुभवी BRP बाबूलाल गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ लोकपाल श्रीमती संजीदा बानो, संभागीय प्रशिक्षण नोडल अधिकारी एवं मुख्य प्रशिक्षक नंदलाल शर्मा, SSAAT, शासन सचिवालय जयपुर से पधारे मुख्य प्रशिक्षक नरेंद्र जोशी तथा जिला परिषद हनुमानगढ़ से प्रशिक्षक मुकेश पुजारी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

प्रशिक्षण के प्रथम दिवस मुख्य प्रशिक्षक नंदलाल शर्मा तथा नरेंद्र जोशी द्वारा योजना के शासन ढांचे, अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, रोजगार गारंटी, समय-सीमाओं, पंजीकरण प्रक्रिया, कार्य आवंटन, मजदूरी भुगतान एवं श्रमिक अधिकारों आदि पर विस्तार से जानकारी प्रदान की।

यह प्रशिक्षण आगामी दिनों में ब्लॉक स्तर पर कार्यरत संसाधन व्यक्तियों की क्षमता वृद्धि कर ग्रामीण विकास कार्यक्रमों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनभागीदारी को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





