श्रीडूंगरगढ़ टुडे 19 जून 2026
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सड़क हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं और लगातार सड़क हादसों का ग्राफ बढ़ रहा है, जिसके कारण ट्रॉमा सेंटर की कमी लगातार खलती जा रही है। शुक्रवार दोपहर दो बजे के करीबन नेशनल हाईवे-11 पर बेनीसर के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही पिकअप से जा टकराई, जिससे बाइक पर सवार दोनों युवक घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपजिला अस्पताल पहुंचाया जहाँ दोनों का उपचार किया। घायलों में 22 वर्षीय कुंभाराम पुत्र जगदीश नायक निवासी लिखमादेसर तथा भगवाना राम पुत्र जगदीश नायक शामिल हैं। चिकित्सकों ने कुंभाराम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर कर दिया, जबकि भगवाना राम का उपजिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया।






