श्रीडूंगरगढ़ टुडे 2 जुलाई 2026
बीकानेर संभाग को अपना पहला राजकीय आदर्श आवासीय वेद विद्यालय मिल गया है। आडसर बास स्थित श्याम बाबा मंदिर के पास एक नंबर स्कूल भवन में यह संचालित होगा। नए शैक्षणिक सत्र से फिलहाल केवल कक्षा 6 में 40 विद्यार्थियों का प्रवेश किया जा रहा है। प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और सीटें सीमित होने के कारण अभिभावकों में उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यवाहक प्रधानाध्यापक मघराज तिवाड़ी ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में 3 अध्यापक, 1 लिपिक और 1 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सहित कुल 5 कार्मिक कार्यरत हैं। विद्यालय का संचालन प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जा रहा है
उन्होंने बताया कि यह विद्यालय वैदिक शिक्षा और आधुनिक शिक्षा का समन्वित केंद्र होगा। यहां विद्यार्थियों को वेद, संहिता, संस्कृत एवं शास्त्रों का अध्ययन कराने के साथ-साथ योग, ध्यान, व्यक्तित्व विकास, अनुशासित एवं संस्कारयुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। भविष्य में विद्यार्थियों के लिए सात्विक एवं पौष्टिक भोजन तथा खेलकूद, संगीत, कला एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों की भी समुचित व्यवस्था रहेगी।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय का आवासीय स्वरूप विकसित करने का कार्य अभी प्रगति पर है। इसलिए कुछ महीनों तक छात्रावास की सुविधा शुरू नहीं होगी और विद्यालय फिलहाल डे-स्कूल के रूप में संचालित किया जाएगा। आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद इसे पूर्ण रूप से आवासीय विद्यालय के रूप में शुरू किया जाएगा।
विद्यालय का ध्येय वाक्य “या विद्या या विमुक्तये” तथा “वेदोऽखिलो धर्ममूलम्” रखा गया है। संस्थान में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपरा और नैतिक मूल्यों पर विशेष बल दिया जाएगा।
प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए संपर्क: 98281-90603





