श्रीडूंगरगढ़ टुडे 4 जुलाई 2026
उपजिला चिकित्सालय के प्रसूति कक्ष में अब मरीजों को गर्मी से राहत मिलेगी। कोलकाता-श्रीडूंगरगढ़ निवासी समाजसेवी उत्तमचंद सेठिया ने अस्पताल के प्रसूति कक्ष के लिए एक एयर कंडीशनर (एसी) भेंट किया है। अस्पताल प्रशासन ने एसी को स्टॉक रजिस्टर में दर्ज कर प्रसूति कक्ष में स्थापित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. स्वामी ने बताया कि प्रसूति कक्ष में एसी लगने से प्रसूताओं और नवजात शिशुओं को बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने मरीजों के हित में किए गए इस सहयोग के लिए उत्तमचंद सेठिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक सहभागिता से सरकारी अस्पतालों की सुविधाओं में निरंतर सुधार हो रहा है।
यह सहयोग नागरिक विकास परिषद, श्रीडूंगरगढ़ के अध्यक्ष तुलसीराम चोरड़िया की प्रेरणा से किया गया। अस्पताल प्रशासन ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए अन्य भामाशाहों से भी स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में सहयोग की अपील की।





